Wednesday, July 16, 2014

जिस्म पर बाक़ी ये सर है क्या करूँ
दस्त-ए-क़ातिल बे-हुनर है क्या करूँ

(दस्त-ए-क़ातिल = क़ातिल का हाथ)

चाहता हूँ फूँक दूँ इस शहर को
शहर में इन का भी घर है क्या करूँ

वो तो सौ सौ मर्तबा चाहें मुझे
मेरी चाहत में कसर है क्या करूँ

पाँव में ज़ंजीर काँटे आबले
और फिर हुक्म-ए-सफ़र है क्या करूँ

(आबले = छाले)

‘कैफ़’ का दिल ‘कैफ़’ का दिल है मगर
वो नज़र फिर वो नज़र है क्या करूँ

‘कैफ़’ मैं हूँ एक नूरानी किताब
पढ़ने वाला कम-नज़र है क्या करूँ

(नूरानी = प्रकाशमान)

-कैफ़ भोपाली

No comments:

Post a Comment