Monday, December 21, 2015

लाल टमाटर

फूले - फूले गाल टमाटर
बिकने आये लाल टमाटर

घुल मिल कर हर इक सब्ज़ी से
करते खूब कमाल टमाटर

सूप' 'सॉस' चटनी में बुनते
स्वादों का इक जाल टमाटर

तड़के में रच कर महकाते
ढाबे वाली दाल टमाटर

फल सब्ज़ी के ठेलों बैठे
कर के ऊँचा भाल टमाटर

नन्हे - मुन्ने के लगते है
प्यारे - प्यारे गाल टमाटर

ढेरों मिनरल, कई विटामिन
कितने मालामाल टमाटर

बता रहे हैं गलियों - गलियों
महँगाई का हाल टमाटर

ख़ास स्वाद से हर सलाद को
करते 'सुमन' निहाल टमाटर

-लक्ष्मी खन्ना 'सुमन'

No comments:

Post a Comment