नया चाँद, सूरज नया चाहता हूँ,
इक अच्छा सा अब मैं ख़ुदा चाहता हूँ
मैं अपने ज़हन की ही तंग इक गली में,
घिरा हूँ, कोई रास्ता चाहता हूँ
सुने हैं बहुत उसके चर्चे, मगर अब
उसे रूबरू देखना चाहता हूँ
मेरे पाँव की भटकने थक चुकी हैं
मैं मंजिल का अब कुछ पता चाहता हूँ
यह कहते हुए दम तोड़ दिया उसने
कि मेहनत का अपनी सिला चाहता हूँ
चकाचौंध इस रोशनी के शहर में
इक आँगन सितारों भरा चाहता हूँ
तेरी खूबियों में अभी देखना मैं
कोई बात सबसे जुदा चाहता हूँ
न जीने का ढब है न मरने की ज़ुर्रत
'सलिल' जाने करना मैं क्या चाहता हूँ।
-कुलदीप 'सलिल'
No comments:
Post a Comment