Showing posts with label फ़ासला. Show all posts
Showing posts with label फ़ासला. Show all posts

Saturday, August 31, 2019

रुस्वा हुए ज़लील हुए दर-ब-दर हुए

रुस्वा हुए ज़लील हुए दर-ब-दर हुए
हक़ बात लब पे आई तो हम बे-हुनर हुए

कल तक जहाँ में जिन को कोई पूछता न था
इस शहर-ए-बे-चराग़ में वो मो'तबर हुए

(मो'तबर =विश्वसनीय, भरोसेमंद)

बढ़ने लगी हैं और ज़मानों की दूरियाँ
यूँ फ़ासले तो आज बहुत मुख़्तसर हुए

(मुख़्तसर = थोड़ा, कम, संक्षिप्त)

दिल के मकाँ से ख़ौफ़ के साए न छट सके
रस्ते तो दूर दूर तलक बे-ख़तर हुए

(बे-ख़तर = बिना ख़तरे के, सुरक्षित)

अब के सफ़र में दर्द के पहलू अजीब हैं
जो लोग हम-ख़याल न थे हम-सफ़र हुए

बदला जो रंग वक़्त ने मंज़र बदल गए
आहन-मिसाल लोग भी ज़ेर-ओ-ज़बर हुए

(आहन-मिसाल = लोहे की तरह), (ज़ेर-ओ-ज़बर = ज़माने का उलट-फेर, संसार की ऊँच-नीच)

-खलील तनवीर

Monday, June 17, 2019

बने-बनाए से रस्तों का सिलसिला निकला

बने-बनाए से रस्तों का सिलसिला निकला
नया सफ़र भी बहुत ही गुरेज़-पा निकला

(गुरेज़-पा = छलने वाला, कपटपूर्ण, गोलमाल)

न जाने किस की हमें उम्र भर तलाश रही
जिसे क़रीब से देखा वो दूसरा निकला

हमें तो रास न आई किसी की महफ़िल भी
कोई ख़ुदा कोई हम-साया-ए-ख़ुदा निकला

हज़ार तरह की मय पी हज़ार तरह के ज़हर
न प्यास ही बुझी अपनी न हौसला निकला

हमारे पास से गुज़री थी एक परछाईं
पुकारा हम ने तो सदियों का फ़ासला निकला

अब अपने-आप को ढूँडें कहाँ कहाँ जा कर
अदम से ता-ब-अदम अपना नक़्श-ए-पा निकला

(अदम = परलोक, शून्य, अस्तित्व हीनता),  (ता-ब-अदम = अनंत काल), (नक़्श-ए-पा = पैरों के निशान, पदचिन्ह)

-ख़लील-उर-रहमान आज़मी

Wednesday, May 22, 2019

क़ुर्बतें होते हुए भी फ़ासलों में क़ैद हैं

क़ुर्बतें होते हुए भी फ़ासलों में क़ैद हैं
कितनी आज़ादी से हम अपनी हदों में क़ैद हैं

(क़ुर्बतें = नज़दीकियाँ, सामीप्य)

कौन सी आँखों में मेरे ख़्वाब रौशन हैं अभी
किस की नींदें हैं जो मेरे रतजगों में क़ैद हैं

शहर आबादी से ख़ाली हो गए ख़ुश्बू से फूल
और कितनी ख़्वाहिशें हैं जो दिलों में क़ैद हैं

पाँव में रिश्तों की ज़ंजीरें हैं दिल में ख़ौफ़ की
ऐसा लगता है कि हम अपने घरों में क़ैद हैं

ये ज़मीं यूँही सिकुड़ती जाएगी और एक दिन
फैल जाएँगे जो तूफ़ाँ साहिलों में क़ैद हैं

(साहिल = किनारा)

इस जज़ीरे पर अज़ल से ख़ाक उड़ती है हवा
मंज़िलों के भेद फिर भी रास्तों में क़ैद हैं

(जज़ीरा = द्वीप, टापू), (अज़ल = सृष्टि का आरम्भ, अनादिकाल)

कौन ये पाताल से उभरा किनारे पर 'सलीम'
सर-फिरी मौजें अभी तक दायरों में क़ैद हैं

-सलीम कौसर

Monday, January 28, 2019

ख़ुद-ब-ख़ुद हमवार हर इक रास्ता हो जाएगा

ख़ुद-ब-ख़ुद हमवार हर इक रास्ता हो जाएगा
मुश्किलों के रूबरू जब हौसला हो जाएगा

वो किसी के आसरे की आस क्यों रक्खे भला
जिसका रिश्ता है जड़ों से खुद हरा हो जाएगा

प्यार की दुनिया से नाता जोड़कर देखो कभी
जिसको छू दोगे वो पत्थर आईना हो जाएगा

सीख ले ऐ दोस्त अपने आप से यारी का फ़न
वरना तेरा ज़िन्दगी से फ़ासला हो जाएगा

ऊंचे-ऊंचे सर भी उस दिन शर्म से झुक जाएंगे
जब भी उनका आईने से सामना हो जाएगा

बख़्श दे यारब मुझे भी कोई मीठी सी कसक
मेरे जीने का भी कोई आसरा हो जाएगा

तुम हवाएं ले के आओ मैं जलाता हूं चिराग़
किसमें कितना दम यारों फ़ैसला हो जाएगा

-हस्तीमल 'हस्ती'



Friday, December 21, 2018

पत्थर है तेरे हाथ में या कोई फूल है

पत्थर है तेरे हाथ में या कोई फूल है
जब तू क़ुबूल है, तेरा सब कुछ क़ुबूल है

फिर तू ने दे दिया है नया फ़ासला मुझे
सर पर अभी तो पिछली मसाफ़त की धूल है

(मसाफ़त = फ़ासला, दूरी)

तू दिल पे बोझ ले के मुलाक़ात को न आ
मिलना है इस तरह तो, बिछड़ना क़ुबूल है

तू यार है तो इतनी कड़ी गुफ़्तगू न कर
तेरा उसूल है तो, मिरा भी उसूल है

लफ़्ज़ों की आबरू को गँवा न यूँ 'अदीम'
जो मानता नहीं उस से, कहना फ़ुज़ूल है

-अदीम हाशमी

Wednesday, February 24, 2016

क़ुर्बतो के बीच जैसे फ़ासला रहने लगे

क़ुर्बतों के बीच जैसे फ़ासला रहने लगे
यूँ किसी के साथ रहकर हम जुदा रहने लगे

(क़ुर्बतों = निकटता, सामीप्य)

किस भरोसे पर किसी से आश्नाई कीजिये
आश्ना चेहरे भी तो नाआश्ना रहने लगे

(आश्नाई = मैत्री, दोस्ती), (आश्ना = मित्र, दोस्त, परिचित), (नाआश्ना = अपरिचित, नावाक़िफ़, अनभिज्ञ)

हर सदा ख़ाली मकानों से पलट आने लगी
क्या पता अब किस जगह अहले-वफ़ा रहने लगे

(सदा = आवाज़), (अहले-वफ़ा = वफ़ा करने वाले)

रंग-ओ-रौगन बाम-ओ-दर के उड़ ही जाते हैं जनाब
जब किसी के घर में कोई दूसरा रहने लगे

(बाम-ओ-दर = छत और दरवाज़ा)

हिज्र कि लज़्ज़त जरा उस के मकीं से पूछिये
हर घड़ी जिस घर का दरवाज़ा खुला रहने लगे

(हिज्र = बिछोह, जुदाई), (लज़्ज़त = आनंद), (मकीं = मकान में रहने वाला, निवासी)

इश्क़ में तहज़ीब के हैं और ही कुछ सिलसिले
तुझ से हो कर हम ख़फ़ा, खुद से ख़फ़ा रहने लगे

फिर पुरानी याद कोई दिल में यूँ रहने लगी
इक खंडहर में जिस तरह जलता दिया रहने लगे

आसमाँ से चाँद उतरेगा भला क्यों ख़ाक पर
तुम भी 'आलम' वाहमों में मुब्तला रहने लगे

(वाहमों = कल्पनाओं, भ्रमों), (मुब्तला = ग्रस्त, जकड़ा हुआ, फँसा हुआ मुग्ध, आसक्त)

- आलम खुर्शीद

Saturday, August 22, 2015

जब तक खुली नहीं थी असरार लग रही थी

जब तक खुली नहीं थी असरार लग रही थी
ये ज़िन्दगी मुझे भी दुश्वार लग रही थी

(असरार = भेद, रहस्य), (दुश्वार = कठिन, मुश्किल)

मुझ पर झुकी हुई थी फूलों की एक डाली
लेकिन वो मेरे सर पर तलवार लग रही थी

छूते ही जाने कैसे कदमों में आ गिरी वो
जो फ़ासले से ऊँची दीवार लग रही थी

शहरों में आ के कैसे आहिस्ता-रौ हुआ मैं
सहरा में तेज़ अपनी रफ़्तार लग रही थी

(आहिस्ता-रौ = धीमी गति), (सहरा = रेगिस्तान, जंगल)

लहरों के जागने पर कुछ भी न काम आई
क्या चीज़ थी जो मुझको पतवार लग रही थी

अब कितनी कारआमद जंगल में लग रही है
वो रौशनी जो घर में बेकार लग रही थी

(कारआमद = उपयोगी)

टूटा हुआ है शायद वो भी हमारे जैसा
आवाज़ उसकी जैसे झंकार लग रही थी

'आलम' गज़ल में ढल कर क्या खूब लग रही है
जो टीस मेरे दिल का आज़ार लग रही थी

(आज़ार = दुःख, कष्ट, रोग)

-आलम खुर्शीद

Sunday, August 16, 2015

फ़ासले सदियों के इक लम्हे में तय हो जाते
दिल मिला लेते अगर हाथ मिलाने वाले
-नसीम रफ़अत ग्वालियरी

Monday, November 10, 2014

ज़िन्दगी तनहा सफ़र की रात है
अपने अपने हौसले की बात है

किस अकीदे की दुहाई दीजिए
हर अक़ीदा आज बेऔकात है

(अक़ीदा  = मन में होने वाला दृढ़ विश्वास), (बेऔकात = प्रतिष्ठाहीन)

क्या पता पहुँचेंगे कब मंज़िल तलक
घटते-बढ़ते फ़ासले का साथ है

-जाँनिसार अख़्तर

Saturday, August 30, 2014

फ़ासला तो है मगर, कोई फ़ासला नहीं
मुझ से तुम जुदा सही, दिल से तो जुदा नहीं

आसमाँ की फ़िक्र क्या, आसमाँ ख़फ़ा सही
आप ये बताइये, आप तो ख़फ़ा नहीं

(ख़फ़ा = नाराज़)

कारवाँ-ए-आरज़ू इस तरफ़ ना रुख़ करे
उन की रहगुज़र है दिल, आम रास्ता नहीं

(कारवाँ-ए-आरज़ू = इच्छाओं का काफ़िला), (रहगुज़र = राहगुज़र = रास्ता, मार्ग सड़क)

कश्तियाँ नहीं तो क्या, हौसले तो पास हैं 
कह दो नाख़ुदाओं से, तुम कोई ख़ुदा नहीं 

(नाख़ुदा = नाविक, मल्लाह)

लीजिये बुला लिया आपको ख़याल में 
अब तो देखिये हमें, कोई देखता नहीं  

इक शिकस्त-ए-आईना बन गयी है सानेहा
टूट जाए दिल अगर, कोई हादसा नहीं

(शिकस्त-ए-आईना = आईने का टूटना), (सानेहा = आपत्ति, मुसीबत, दुर्घटना)

आइये चराग़-ए-दिल आज ही जलाएँ हम
कैसी कल हवा चले, कोई जानता नहीं

(चराग़-ए-दिल =  दिल के दीपक)

किस लिए 'शमीम' से इतनी बद-गुमानियाँ
मिल के देखिये कभी, आदमी बुरा नहीं

(बद-गुमानियाँ = बुरे ख़्याल रखना, कुधारणा

-शमीम करहानी 

Thursday, May 1, 2014

कुछ इक फ़ासले मैं मिटाता नहीं हूँ

मैं खुद हाथ आगे बढ़ाता नहीं हूँ
बढ़ा लूँ कदम, तो हटाता नहीं हूँ

वो चाँद आसमां में ही चमका करे पर
कुछ इक फ़ासले मैं मिटाता नहीं हूँ

मेरी ज़िंदगी में भी दो-चार ग़म हैं
ये बात और है मैं दिखाता नहीं हूँ

यूँ मैं याद रखता हूँ हरदम ख़ुदा को
बस अपने लिये हाथ उठाता नहीं हूँ

न मांगो ऐ 'दोस्त' अब जो बस में नहीं है
मैं क़िस्मत बदल दूँ, विधाता नहीं हूँ
-मानोशी

Saturday, December 7, 2013

दूरी हुई, तो उनसे करीब और हम हुए
ये कैसे फ़ासिले थे, जो बढ़ने से कम हुए
-वसीम बरेलवी

Thursday, July 25, 2013

याद आता हूँ तुम्हें सूरज निकल जाने के बाद
इक सितारे ने ये पूछा रात ढल जाने के बाद

मैं ज़मीं पर हूँ तो फिर क्यों देखता हूँ आसमां
यह ख़याल आया मुझे अक्सर फिसल जाने के बाद

दोस्तों के साथ चलने में भी हैं खतरे हज़ार
भूल जाता हूँ हमेशा मैं संभल जाने के बाद

अब ज़रा सा फ़ासला रखकर जलाता हूँ चराग़
तजरबा ये हाथ आया , हाथ जल जाने के बाद

एक ही मंज़िल पे जाते हैं यहाँ रस्ते तमाम
भेद यह मुझ पर खुला रस्ता बदल जाने के बाद

वहशते-दिल को बयाबां से ताल्लुक है अजीब
कोई घर लौटा नहीं घर से निकल जाने के बाद

आगही ने हम पे नाज़िल कर दिया कैसा अज़ाब
हैरती कोई नहीं मंज़र बदल जाने के बाद

[(आगही = ज्ञान, जानकारी), (नाज़िल = आ पहुँचना), (अज़ाब = दुख, कष्ट, संकट)]

अब हवा ने हुक्म जारी कर दिया बादल के नाम
खूब बरसेंगी घटायें शहर जल जाने के बाद

तोड़ दो 'आलम' कमां या अब क़लम कर लो ये हाथ
लौट कर आते नहीं हैं तीर चल जाने के बाद

[(कमां = धनुष), (क़लम = काटना)]

-आलम खुर्शीद

Friday, February 8, 2013

जो देखने में बहुत ही क़रीब लगता है,
उसी के बारे में सोचो, तो फ़ासिला निकले।
-वसीम बरेलवी

Wednesday, November 21, 2012

सब का ख़ुशी से फ़ासला एक क़दम है,
हर घर में बस एक ही कमरा कम है।
-जावेद अख़्तर

Sunday, November 4, 2012

मंज़िलें क्या हैं, रास्ता क्या है,
हौसला हो तो, फ़ासला क्या है।

वो सज़ा देके दूर जा बैठा,
किससे पूछूँ मेरी ख़ता क्या है।

जब भी चाहेगा छीन लेगा वो,
सब उसी का है, आपका क्या है।

तुम हमारे क़रीब बैठे हो,
अब दवा कैसी, अब दुआ क्या है।

चाँदनी आज किस लिए नम है,
चाँद की आँख में चुभा क्या है।

ख़्वाब सारे उदास बैठे हैं,
नींद रूठी है, माजरा क्या है।

बेसदा काग़ज़ों में आग लगा,
अपने रिश्ते को आज़्मा, क्या है।

गुज़रे लम्हों की धूल उड़ती है,
इस हवेली में अब रखा क्या है।
-आलोक श्रीवास्तव


Saturday, October 13, 2012

सामने है जो उसे लोग बुरा कहते हैं
जिसको देखा ही नहीं उसको ख़ुदा कहते हैं

ज़िन्दगी को भी सिला कहते हैं कहनेवाले
जीनेवाले तो गुनाहों की सज़ा कहते हैं

फ़ासले उम्र के कुछ और बढा़ देती है
जाने क्यूँ लोग उसे फिर भी दवा कहते हैं

चंद मासूम से पत्तों का लहू है "फ़ाकिर"
जिसको महबूब के हाथों की हिना कहते हैं
-सुदर्शन फ़ाकिर

Thursday, September 27, 2012

यूँ ही बेसबब न फिरा करो, कोई शाम घर भी रहा करो,
वो ग़ज़ल की सची किताब है उसे चुपके चुपके पढ़ा करो

कोई हाथ भी न मिलाएगा जो गले मिलोगे तपाक से,
ये नए मिज़ाज का शहर है ज़रा फ़ासले से मिला करो

-बशीर बद्र